
लोहाघाट। अषाड़ी वायुरथ महोत्सव का कलश यात्रा और मां भगवती की गुप्त प्यौली के उठने के साथ शुभारंभ हो गया है। चंपावत नगरपालिका के चेयरमैन प्रकाश तिवारी ने पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया। आयोजन में पांच गांव सुंई और बीस गांव बिशुंग के लोग हिस्सा लेते हैं। इससे पूर्व मां भगवती, मां कड़ाई देवी, आदित्य महादेव, मस्टा मंडली के देव डांगरों और पुजारियों ने सभी को आशीर्वाद दिया। वहां चल रहे अखंड रामायण के पारायण के बाद प्रसाद वितरित किया गया। मां भगवती के मुख्य पुजारी नंदन चौबे, आदित्य महादेव के केदार पुजारी, मस्टा मंडली के केशव चनकन्याल ने पूजा-अर्चना कराई। हेम जोशी द्वारा बागंबर परिधान धारण कर और आंखों में पट्टी बांधकर मां की गुप्त प्यौली को मुख्य कक्ष से बाहर निकाला और दूध और गंगा जल से स्नान कराने के बाद निर्धारित स्थान में स्थापित किया गया। मस्टा मंडली मंदिर से पहुंचे आयुधों को चारद्योली के आयुधों के साथ शामिल कर पूजा-अर्चना की गई। सामाजिक उत्थान और शैक्षिक सांस्कृतिक खेल समिति के अध्यक्ष श्याम चौबे, विनोद चतुर्वेदी, भुवन चौबे, हयात सिंह माहरा, अशोक तिवारी, आरपी ओली, सुनील चौबे, कैलाश पंाडेय, रतन सिंह, कै. कालू सिंह करायत, मदन पुजारी आदि ने सभी का स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि आईटीबीपी के कमांडेंट आनंद सिंह, सांसद प्रतिनिधि विजय माहरा, डा. महेश ढेक, जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने विचार रखे।
