
देवीधुरा। बाराहीधाम में शताब्दियों से रक्षाबंधन के अवसर पर चला आ रहा पत्थर मार युद्ध अब रबर की गेंदों से खेला जाएगा। यह बात जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी, मंदिर कमेटी के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और चार खाम सात थोकों के प्रतिनिधियों के बीच में कही। उन्होंने हाईकोर्ट के ताजा निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि पत्थर मार युद्ध से होने वाले खून खराबे को रोकने के लिए उसका विकल्प तलाशा जाए। यहां देर शाम हुई बैठक में यह तय किया गया कि इस दफा पत्थर के स्थान पर रबर की गेंद का प्रयोग किया जाएगा। हालांकि इसका हाईकोर्ट के अधिवक्ता चेतन भैया समेत मौजूद कुछ लोगों ने खुला विरोध किया, जबकि अन्य लोगों ने दबी जुबान से परंपरा से छेड़छाड़ करने पर गुस्सा जाहिर किया। अलबत्ता 19 अगस्त को होने वाली बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में गहड़वाल खाम के प्रमुख त्रिलोक सिंह, वालिक खाम के बद्री सिंह बिष्ट, लमगड़िया खाम के विरेंद्र लमगड़िया ने भी नई व्यवस्था के प्रति अपना आक्रोश जताया। उधर खामों के पड़तीदारों को भी यह निर्णय रास नहीं आ रहा है। मालूम हो कि हाईकोर्ट द्वारा बग्वाल मेले को लेकर जिलाधिकारी तथा मेला कमेटी के लोगों को न्यायालय में तलब कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे। जिसके तहत प्रशासन तथा मेला कमेटी के मुखिया हरकत में आए हैं।
