पति की हत्या की आशंका

रुद्रपुर। ट्रेन की चपेट में आकर बहेड़ी निवासी श्रमिक की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका की पत्नी ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मंाग की है। पुलिस के मुताबिक जिला बरेली थाना बहेड़ी के मुंडिया निवासी मूलचंद्र (36) पुत्र दीनानाथ रुद्रपुर में मजदूरी करता था। शुक्रवार की सुबह वह किसी काम से शांति विहार कालोनी की तरफ जा रहा था। इसी बीच रेलवे पटरी क्रास करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इधर शनिवार को मृतका की पत्नी सुशीला कोतवाली पहुंची और पति मूलचंद्र की हत्या की आशंका जताई। उसका कहना था कि उसके पति की हत्या कर शव रेलवे पटरी पर डाल दिया गया। ताकि वह दुर्घटना लगे। उसने अपने पति के मित्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि दो माह पूर्व दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। शुक्रवार को वह उसके पति को भूरारानी ले जा रहा था। तभी यह घटना हो गई। उसने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Related posts