
काशीपुर। समाजसेवी राजकुमार रहेजा की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक अन्य साथी अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर है।
बीती 13 अगस्त को ग्राम करनपुर निवासी समाजसेवी राजकुमार रहेजा की दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिजनों ने एक नामजद आरोपी समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर दो दिन तक कुंडा थाना में धरना दिया था। जिस पर पुलिस ने शनिवार तक आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया। शनिवार को पुलिस को मुखबिर ने गुरमीत सिंह के ग्राम गढ़ीहुसैन क्षेत्र में होने की सूचना दी। एसओ कुंडा मनीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी ग्राम करनपुर निवासी गुरमीत सिंह पुत्र स्वर्गीय आत्मा सिंह को ग्राम गढ़ी हुसैन (जसपुर) के निकट जंगलों से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने एक 12 बोर का तमंचा व खाली खोखा बरामद किया। सीओ प्रकाश चंद्र ने बताया कि राजकुमार की हत्या करने में गुरमीत सिंह के अलावा एक अन्य लक्की ऊर्फ लखविंदर पुत्र पाला सिंह निवासी ग्राम कलियावाला शामिल था। गुरमीत सिंह ही लखविंदर को ग्राम कलियावाला से राजकुमार की हत्या करने के लिए लाया था। पहली गोली भी लखविंदर ने ही राजकुमार के सिर पर मारी थी, लेकिन बाद में कहीं राजकुमार बच न जाए इसलिए गुरमीत सिंह ने भी उस पर गोली चलाई। सीओ ने कहा कि शीघ्र ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीम में प्रदीप चौहान, लाखन सिंह, एसआई जगत सिंह व जयपाल आदि शामिल थे।
