‘तुम्हें तो मैं चुनाव के बाद देख लूंगी’

शिमला। राजकीय कन्या महाविद्यालय में फर्जी आई कार्ड मिलने पर छात्रा ने प्राचार्य को ही धमका डाला। प्राचार्य मीरा वालिया ने दावा किया कि उन्हें शनिवार को 11:24 बजे मोबाइल से फोन आया। धमकी मिली कि ‘तुम्हें तो मैं चुनाव के बाद देख लूंगी’। मोबाइल नंबर के साथ फोन की रिकार्डिंग प्रिंसिपल के पास है। उन्होंने कहा कि पुलिस को लिखित में शिकायत कर दी गई है। उधर, छात्रा ने माना कि उन्होंने प्राचार्य को फोन किया था। उन्होंने सिर्फ फर्जी साइन वाले मामले को लेकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने धमकी देने से साफ मना किया।
दरअसल, बूथ नंबर दस में बीएससी प्रथम वर्ष की एक छात्रा को आई कार्ड पर प्राचार्य के कॉलम में फर्जी साइन के साथ पकड़ा गया। एसएफआई और एबीवीपी ने इसे लेकर कॉलेज के बाहर जबरदस्त हंगामा किया। डीएसपी पुनीत रघु से छात्राओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कॉलेज प्राचार्य मीरा वालिया ने कहा कि अभिभावकों को बुलाकर लड़की से लिखित में ले लिया गया है। चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद मामले की पूरी छानबीन की जाएगी। उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान छात्रा मतदाता को पकड़ा गया है। जिस शिक्षक के साइन किए थे, उनसे भी पूछताछ की गई। साइन फर्जी निकले हैं।

Related posts