बखरौट में लाखों की नकदी और गहनों पर हाथ साफ

पांगणा (मंडी)। करसोग की ग्राम पंचायत बखरौट में शुक्रवार रात सड़क के साथ बने मकान से चोरों ने लाखों की नकदी और जेवरात उड़ा लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मौके पर सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने फोरेंसिक टीम भी मौके पर बुलाई।
शुक्रवार रात को गांव बखरौट में दो मंजिला मकान में चोरों ने सेंध लगा कर लाखों की नकदी और गहने उड़ा लिए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मकान की ऊपरी मंजिल में बुजुर्ग दंपति सोए थे। चोरों ने निचली मंजिल में घुस कर वहां रखे गहनों और नकदी को उड़ा लिया। मकान मालिक जय प्रकाश नेगी की माता राम प्यारी नेगी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जब शनिवार सुबह नीचे की मंजिल के दरवाजे के सामने आये तो मुख्य दरवाजा खुला पाया। बाद में अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा था। जिस पर उन्हाेंने जय प्रकाश नेगी को इसकी सूचना दी।
जय प्रकाश नेगी ने कहा कि मकान में हुई चोरी में दलीप नेगी व बहन कांता नेगी के सारे गहनों के साथ करीब ढाई लाख नकदी और माता राम प्यारी नेगी के सोने चांदी के गहने, पिता मनसा राम नेगी के दस हजार पांच सौ नकद और जय प्रकाश और उनकी पत्नी के सोने चांदी के गहने चोरी हुए हैं।
डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि अभी चोरी हुए माल की सही जानकारी नहीं है। फोरेंसिक टीम को सुबूत जुटाने के लिए बुलाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts