
ऊना। लोेक निर्माण विभाग के जिला मुख्यालय स्थित विश्राम गृह के अति विशिष्ट कक्ष में शनिवार दोपहर आग लग गई। घटना में हजाराें रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया, जहां कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक खुलाया नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग के इलैक्ट्रिकल विंग के अधिकारी और कर्मचारी आग लगने के कारणाें का खुलासा करने के लिए मौके पर जुट गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद लगी इस आग के बारे में विभाग के किसी कर्मचारी को भनक तक नहीं लगी। सर्किट हाउस के बगल में एक रिहायशी मकान में रहने वाली महिला ने कमरे से धुआं उठता देखकर शोर मचाया, तब जाकर आग लगने की जानकारी लोनिवि कर्मचारियों को मिली। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कमरे में आग कब लगी, इसका किसी को अंदाजा नहीं हो पाया। कमरे में रखे सोफा सेट की चेयर, दो एसी, एक पंखा व लाइट्स आदि जल गई हैं। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस और लोनिवि के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
