सरकार पंजाब में शांति बनाए रखने को वचनबद्ध: सुखबीर

मोहाली: पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में हर कीमत पर शांति बनाए रखने के लिए बचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें यदि राज्य में कोई भी गड़बड़ी करने की कोशिश करेंगी तो उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर यहां आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा दस वर्ष के लंबे संघर्ष के बाद राज्य में शांति कायम करने में कामयाबी मिली। बड़ी कीमत अदा करके मिले इस अमन को भंग करने की किसी को हिमाकत नहीं करने दी जाएगी। पंजाब पुलिस इस पर कड़ी निगाह रखे हुए है। बादल ने कहा कि भले ही पिछले 66 वर्षों में देश ने तरक्की की है लेकिन यह नाकाफी है।

147 शहरों के विकास के लिए नई योजना

इस मौके पर पंजाब के 147 शहरों के विकास के लिए नई योजना का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि तीन चरणों में लागू होने वाली इन योजनाओं को पहले ही स्वीकृति दे दी गई है। इसके तहत 100 प्रतिशत पानी सप्लाई, सीवरेज सुविधा, 100 प्रतिशत एल.ई.डी. लाइटें, बिजली वितरण प्रणाली में सुधार, सभी भीतरी सड़कों के नवीनीकरण के साथ अलावा अपराध पर नकेल डालने के लिए शहरों के हर क्षेत्र में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाना शामिल है। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्ष में पंजाब के शहरों का स्वरूप ही बदल दिया जाएगा।

13047 गांवों के विकास की योजना

13047 गांवों के विकास के लिए 24 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का ऐलान करते हुए बादल ने कहा कि इन योजनाओं को लागू करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों की सेवाएं ली जा रही र्हैं। इसके तहत सभी गलियां कंकरीट की बनाने, सीवरेज व्यवस्था, सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट लगाने के अतिरिक्त गांवों के छप्पड़ की सफाई प्रमुख है।

मोहाली हवाई अड्डा 18 महीने में होगा चालू

उन्होंने दावा किया कि राज्य के सभी बड़े शहरों को फोरलेन-सिक्सलेन से जोडऩे के लिए 12140 करोड़ रुपए का प्रोजैक्ट अगले तीन वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा मोहाली हवाई अड्डा अगले 18 महीने में चालू हो जाएगा, जबकि भटिंडा हवाई अड्डा भी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि साहनेवाल हवाई अड्डा पंजाब वासियों को अगले वर्ष तक समर्पित कर दिया जाएगा व जालंधर में हवाई अड्डे की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय के पास भेजा गया है।

लड़कियों को साइकिलें अगले माह

उन्होंने कहा कि अगले तीन माह में आटा दाल योजना के तहत लाभपात्रों की संख्या वर्तमान 15.40 लाख परिवारों से बढ़कर 30 लाख तक होने की आशा है। 1.5 लाख जरूरतमंद लड़कियों को साइकिल अगले महीने दिए जाएंगे, जबकि होनहार विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए तीस हजार रुपए तक वार्षिक छात्रवृत्ति देने की योजना भी लागू कर दी गई है। गांवों में खेल किटें दस करोड़ की लागत से अगले दो महीनों में दे दी जाएंगी।

एक लाख रुपए ईनाम दिया

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भारी बारिश के बावजूद स्कूली बच्चों द्वारा पेश किए गए सभ्याचारक कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को ईनाम के तौर पर एक लाख रुपए देने का ऐलान भी किया। इस मौके पर बादल ने 11 अंगहीनों को ट्राई साइकिल व 25 जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें भी बांटीं। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने पी.ए.पी., पंजाब पुलिस, होमगार्ड, एन.सी.सी. व पैरा मिल्ट्री फोर्स की टुकडिय़ों की परेड की सलामी ली।

Related posts