
हरिद्वार। किसानों के बकाया गन्ना भुगतान को आगामी एक सप्ताह में जारी करने के लिए सहायक गन्ना आयुक्त ने जिले की तीनों चीनी मिलों के प्रबंधन को आदेश जारी किए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में भुगतान नहीं हुआ तो चीनी मिलो की आरसी जारी करने के रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
शुक्रवार को हरिद्वार में सहायक गन्ना आयुक्त आयुक्त कार्यालय में मिल प्रबंधन के साथ बैठक हुई। जिसमें लिब्बरहेड़ी, इकबालपुर और लक्सर चीनी मिल प्रबंधक शामिल हुए। तीनों चीनी मिलो के अधिकारियों ने गन्ना भुगतान न होने की वजह चीनी का उठान न होना और बिक्री न होना बताया। उन्होंने उत्तराखंड शासन से शेष गन्ना मूल्य के संबंध में लोन स्वीकृत होने की दशा में तीन दिनों में ही भुगतान करने की बात कहीं।
प्रभारी सहायक गन्ना आयुक्त अशोक कुमार ने बताया कि तीनों चीनी मिलो के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवशेष गन्ना मूल्य का भुगतान एक सप्ताह के अंदर करना सुनिश्चित करें। साथ ही अवशेष विकास कमीशन के भुगतान भी तत्काल किया जाए। उन्होंने चीनी मिल प्रबंधकों को समय से भुगतान नहीं करने पर आरसी जारी करने के लिए रिपोर्ट प्रेषित करने की चेतावनी दी।
इकबालपुर ने जारी किए 12 लाख
हरिद्वार सहायक गन्ना आयुक्त की बैठक में चीनी मिल इकबालपुर के वरिष्ठ प्रबंधक (गन्ना) शिव कुमार सिसौदिया ने 12 लाख रुपये के दो चैक जारी किए। जिसमें दस लाख का चैक इकबालपुर समिति के लिए और दो लाख रुपये का चैक ज्वालापुर समिति के लिए दिया।
तीन मिलो पर बकाया धनराशि
मिल बकाया (करोड़ में)
उत्तम शुगर मिल – 53.63
इकबालपुर मिल – 51.58
लक्सर मिल – 51.16
कुल योग – 156.37 करोड़ रुपये
