विवाहिता ने पंखे से झूलकर मौत को गले लगाया

बहादराबाद। बिहार से नौकरी की तलाश में तीन दिन पहले पति संग पहुंची विवाहिता ने सुसाइड नोट लिखा और पंखे से झूलकर खुदकुशी कर ली। मामला बहादराबाद थाने का है। सुसाइड नोट में महिला ने अपनी मर्जी से फांसी लगाने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार बिहार के जिला वैशाली, वारा रोड वैशाली, थाना वैशाली निवासी अमित पांडे (26) अपनी पत्नी मनीषा (24) को लेकर तीन दिन पहले ही नौकरी की तलाश में बहादराबाद आया था। वह एक मकान में किराए पर रह रहा था और औद्योगिक क्षेत्र में रोजाना नौकरी की तलाश कर रहा था। शुक्रवार सुबह दस बजे वह बाहर घूमकर आया तो देखा की उसकी पत्नी मनीषा दुपट्टे को गले में डालकर पंखे से लटकी हुई है। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बहादराबाद थानाध्यक्ष आरके सकलानी ने पुलिस की सहायता से पंखे से मनीषा को उतारा लेकिन इतने में मनीषा की मृत्यु हो चुकी थी। सकलानी ने बताया कि मृतका के पास से सुसाइड नोट मिला है जिस पर अपनी मर्जी से फांसी लगाना लिखा है। बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है

Related posts