
रुड़की। गोली मारकर सिपाही की हत्या करने वाले डकैतों का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। महिला चिकित्सक के यहां लाखाें की डकैती डालकर भाग रहे डकैतों से मुठभेड़ में सिपाही शहीद हो गया था। घटना के बाद से पुलिसकर्मी का सरकारी पिस्टल भी गायब है। माना जा रहा है कि बदमाश पिस्टल लूटकर ले गए हैं। वहीं, बदमाश हड़बड़ाहट में अपना एक पिस्टल, तमंचा और रेजगारी से भरा बैग घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए।
गंगनहर कोतवाली के पीछे गोविंदनगर में 14 अगस्त की रात को छह बदमाश चर्म रोग विशेषज्ञ डा. हिना खरे के घर में घुस गए थे। बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंधक बनाकर करीब डेढ़ लाख की नकदी और जेवरात लूट लिए थे। इस दौरान बाथरूम में घुसी डा. खरे की पुत्री उर्मिका ने मोबाइल से अपने ट्यूटर को सूचना दी कि उनके घर में कुछ लोग घुस आए हैं। इसके बाद ट्यूटर ने चेतक पर तैनात सिपाही सुनित नेगी पुत्र एसएस नेगी निवासी शिवगढ़ कोटद्वार और विशाल कन्नौजिया को सूचना दी थी। दोनों सिपाही वहां पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। पुलिस की भनक पाकर बदमाश दूसरे दरवाजे से लूटा गया माल लेकर फरार होने लगे। बदमाशों को भागता देख दोनों सिपाहियों ने अलग-अलग रास्तों से उनका पीछा किया। एक जगह खाली प्लाट के पास सिपाही सुनित नेगी बदमाशों के साथ भिड़ गया। पुलिसकर्मी ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उसे लेकर चलने लगा। इसी बीच उसके कुछ साथी जो आगे चले गए थे वापस लौटे और सिपाही सुनित को करीब तीन गोलियां मारी। गर्दन, हार्ट समेत तीन जगह गोली लगने से सुनित की मौके पर ही मौत हो गई। सिपाही को मौत के घाट उतारने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर गंगनहर पुलिस समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। घटनास्थल से पुलिस को बदमाशों की एक पिस्टल और एक 12 बोर का तमंचा मिला है। दूसरी तरफ, सिपाही की सर्विस पिस्टल भी गायब है। पुलिस ने घटना के बाद घेराबंदी भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। डकैती और सिपाही की हत्या की वारदात को 36 घंटे से अधिक हो गए हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। एसपी देहात अजय सिंह ने बताया कि एसओजी समेत पुलिस की कई टीमें बदमाशाें की धरपकड़ को लगाई गई है।
डेढ़ लाख की नकदी और जेवरात लूट ले गए
गोविंदनगर स्थित आवास में हुई डकैती के मामले में डा. हिना खरे ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कराया है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस भंडारी ने बताया कि डा. खरे की तहरीर पर पुलिस ने करीब डेढ़ लाख की नकदी और जेवरात लूटने के मामले में अज्ञात डकैतों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा
सिपाही सुनित की गोली मारकर हत्या करने के मामले में गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस भंडारी ने बताया कि गंगनहर कोतवाली में सुनीत नेगी की हत्या करने के मामले में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अवैध हथियार बरामद होने का केस
जिस समय सुनित ने एक बदमाश को पकड़ा था, उस समय हड़बड़ाहट में बदमाशाें का पिस्टल और तमंचा घटनास्थल पर गिर गया। पुलिस ने अवैध हथियार बरामद होने का मुकदमा भी दर्ज किया है। सुनित की हत्या करने के बाद बदमाश उसका सर्विस रिवाल्वर भी साथ ले गए। हालांकि पुलिस ने अभी तक सर्विस रिवाल्वर लूटे जाने का मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
