
कोटद्वार। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को लोगों ने राजकीय इंटर कालेज के पुराने भवन से तीन नशेड़ी छात्रों को पकड़ा है। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने छात्रों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। साथ ही विद्यालय प्रशासन से इन पर नजर रखने को कहा।
इन दिनों राजकीय इंटर कालेज का पुराना भवन नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ हैं। जो छात्र कक्षा में नहीं जाते वे पुराने भवन में जा कर नशा करते रहते हैं। विद्यालय प्रशासन ने इन नशा करने वालों के खिलाफ कभी कोई कार्रवाई नहीं की। नशा करने के बाद ये समीपवर्ती आर्य कन्या इंटर कालेज की छात्राओं को परेशान करते हैं। एक दीवार में होल बना कर ये कन्या इंटर कालेज में तक घुस जाते हैं।
यह भी शिकायत सामने आई है कि कई छात्र स्कूल जाते ही नहीं हैं। घर से आने के बाद यहां बैठ जाते हैं। न घर वालों को इसका पता चल पाता है और न स्कूल वालों को। कन्या इंटर कालेज की ओर से कई बार दीवार बनवाई गई, लेकिन ये पुन: तोड़ देते हैं। लगभग बीस फुट ऊंची दीवार पर होल बना कर ये बाहर निकलते हैं। साथ ही ये अपने साथी छात्रों को भी नशे की आदत डाल देते हैं। शुक्रवार को हिमांशु अग्रवाल, प्यारे लाल, पवन, राहुल ने तीन छात्रों को नशे की हालत में पकड़ कर पुलिस को सौंपा। पुलिस ने विद्यालय प्रशासन से ऐसे छात्रों पर नजर रखने को कहा। साथ ही पकड़े गए छात्रों को चेतावनी देकर छोड़ दिया
छात्रों के नशेखोरी और हमारे कालेज में घुसने के बारे में कई बार संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को बताया जा चुका है। बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों ने दीवार में छेद बना दिया है। जिससे वे छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। अब पुलिस और प्रशासन ही इसमें कोई कार्रवाई कर सकता है। -उर्मिला रावत, प्रधानाचार्य, आर्य कन्या इंटर कालेज, कोटद्वार
हम छात्रों को देखते हैं। कुछ छात्र वहां जाते होंगे। इस पर ध्यान दिया जाएगा। ऐसे छात्रों के अभिभावकों से भी बातचीत की जाएगी। -शैलेंद्र कुमार, प्रभारी प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार
