युद्धवीर हत्याकांडः एक आरोपी का परिवार गायब

मंत्री हरक सिंह रावत के पूर्व पीआरओ युद्धवीर सिंह रावत हत्याकांड में शामिल दो फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने शुक्रवार को हापुड़, मेरठ, हरिद्वार, बुलंदशहर समेत कई जगह दबिश दी। उनके मोबाइल सर्विलांस पर लगाए गए हैं।

उधर, पुलिस जेल में बंद सुधा और हरिओम को रिमांड में लेने के लिए कोर्ट में आवेदन करेगी। युद्धवीर हत्याकांड में अब तक पकड़े गए मुख्य आरोपित सुधा पटवाल और हरिओम के बयानों में काफी अंतर था। ऐसे में पुलिस दोनों को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ करना चाहती है।

वहीं, उमेश और संजीव अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। दोनों पर वेस्ट यूपी में कई आपराधिक मामले दर्ज है। हरिद्वार से संजीव का पूरा परिवार भी गायब है। पुलिस को पता चला है कि संजीव और उमेश गले में फंदा डालकर मारने में एक्सपर्ट हैं।

एसएसपी केवल खुराना ने बताया दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस मेरठ में उस युवक को भी तलाश रही है, जो एमबीबीएस सीटों की दलाली में सुधा के साथ शामिल था।

गिरवी रखी थी ज्वेलरी
सुधा ने उधारी के लिए रुपये वापस करने के एवज में सोने का एक मंगलसूत्र और अंगूठी हरिओम को दिए थे। उसे हरिओम के आठ लाख रुपये लौटाने थे। यह ज्वेलरी हरिओम ने धामावाला स्थित एक सराफ की दुकान में बेच दी थी, जिससे उसे 64 हजार रुपये मिले। शुक्रवार को पुलिस ने हरिओम के बयान दर्ज करने के बाद इस ज्वेलरी के फोटो लिए।

Related posts