
भिकियासैंण। शिक्षा, पानी, स्वास्थ्य सहित तमाम बुनियादी सुविधाओं के लिए रामगंगा चहुंमुखी विकास संघ के नेतृत्व में यहां केदार में चक्काजाम कर आंदोलन का बिगुल फूंका गया। बाद में उपजिलाधिकारी सीएस डोभाल के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया।
ग्रामीणों ने रामनगर-चौखुटिया मार्ग पर वृद्ध केदार शिव मंदिर के सामने एकत्रित होकर झूला पुल, बेल-नैकणा-बमनचौना मार्ग, भिकियासैंण-चौखुटिया मार्ग को सुधारने, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति करने, रामगंगा के किनारे तटबंध बनाने, अस्पतालों में डाक्टर भेजने, पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतार लग गई। उपजिलाधिकारी सीएस डोभाल बाद में मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से वार्ता कर 23 अगस्त को विभागीय अधिकारियों की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद संघ ने चक्काजाम स्थगित कर दिया। एक घंटे तक रहे जाम में यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। इस अवसर पर तारादत्त शर्मा, अमर सिंह, आनंद सिंह, आशा देवी, टीका राम, भगवत सिंह, तारादत्त, महेंद्र, महेश, पूरन सिंह, गुसाई सिंह, देवीदत्त शर्मा, पुष्पा देवी, शांति देवी सहित तमाम ग्रामीण मौजूद थे।
