कुछ हट के हैं अल्मोड़ा के बैडमिंटन खिलाड़ी

अल्मोड़ा। बैडमिंटन में अल्मोड़ा में कुछ न कुछ तो खास है जो कि यहां के खिलाड़ी देश भर में छाए हुए हैं। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने हाल ही में राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आधार पर देश के बैडमिंटन खिलाड़ियों की जो रैंकिंग जारी की है उसमें अल्मोड़ा के कम से कम आठ खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में स्थान बना चुके हैं। लक्ष्य सेन अंडर-13 में नंबर वन हैं तो कनिका कनवाल गर्ल्स अंडर-15 में टॉप रैंक पर हैं। जबकि अक्षिता भंडारी दूसरे स्थान पर हैं। बैडमिंटन एसोसिएशन उत्तराखंड का दावा है कि अल्मोड़ा देश का ऐसा एक मात्र जिला बन गया है जहां बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर की रैंक में इतने अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।
बैडमिंटन एसोसिएशन इंडिया ने 2012 में खेली गई राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आधार पर देश भर के खिलाड़ियों की रैंकिंग जारी की है उसमें अल्मोड़ा के खिलाड़ी छाए हैं। अंडर-13 के एकल और युगल वर्ग में लक्ष्य सेन को देश में पहली रैंक हासिल हुई है। वह अब तक तीन अंतर्राष्ट्रीय खिताब जीत चुके हैं। लक्ष्य देश के उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में हैं जिनका चयन ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट ट्रेनिंग के लिए भी हुआ है। यह संस्था उन्हें ओलंपिक में गोल्ड लाने के लिए प्रशिक्षित करेगी। लक्ष्य के बड़े भाई चिराग सेन की अंडर-17 में तीन और डबल्स में चार रैंक रही है। अंडर-15 गर्ल्स में अल्मोड़ा की अक्षिता भंडारी की सिंगल और डबल्स दोनों में नंबर दो रैंक है।
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी प्रतुल जोशी और आदित्य जोशी दोनों मध्य प्रदेश से खेलते हैं। प्रतुल जोशी ने पिछले साल लखनऊ में खेली गई सैयद मोदी इंटरनेशनल प्रतियोगिता में इंडोनेशिया के पूर्व ओलंपिक चैंपियन तौफिक हिदायत को हराया था। वह अंडर-19 में टॉप पर रहे हैं। उनके भाई आदित्य जोशी अंडर-19 में राष्ट्रीय स्तर पर टॉप नंबर दो रैंक पर हैं। प्रतुल, आदित्य और चिराग तीनों अब एअर इंडिया की तरफ से खेलने लगे हैं। अल्मोड़ा के निकट पहल (खत्याड़ी)निवासी कनिका कनवाल गर्ल्स अंडर-15 में सिंगल और डबल्स दोनों में नंबर वन हैं। वह इस समय दिल्ली से खेलती हैं। अल्मोड़ा की ही हिमांशि रावत गर्ल्स अंडर-13 में सिंगल और डबल्स दोनों में नंबर दो रैंक पर हैं। हिमांशि वर्तमान में देहरादून से खेलती हैं। अल्मोड़ा के ही एक और खिलाड़ी बोधित जोशी की वर्तमान रैंक 12वीं है। बोधित पूर्व में अंडर-15 में टॉप पांच में रहे हैं। इनके अलावा स्मृति नगरकोटी भी अंडर-17 में राष्ट्रीय स्तर पर नंबर सात रही हैं। अल्मोड़ा के कई अन्य खिलाड़ी बैडमिंटन में तमाम खिताब लेकर रेलवे और अन्य विभागों में नौकरी कर रहे हैं और वहीं से खेलते हैं।

Related posts