
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के नौवीं और ग्यारहवीं के लिए मार्च 2014 की परीक्षा से लागू हो रहे ओपन टेक्स्ट बेस्ड एसेसमेंट के लिए टेक्स्ट मैटीरियल अगले माह से स्कूलों को मिलना शुरू होगा। यह मैटीरियल आर्टिकल, केस स्टडी, मैप, कार्टून और पिक्चर की शक्ल में होगा। इस पर आधारित प्रश्न ही समेटिव एसेसमेंट-2 में पूछे जाएंगे।
इस एसेसमेंट के लिए स्कूलों की ओर से पहले ही छात्रों को केस स्टडी या आर्टिकल दिए जाएंगे। हर विषय में सवाल केस स्टडी पर ही होंगे। हर विषय के प्रश्नपत्र में 10 अंकों का अलग से ओपन टेक्स्ट बेस्ट एसेसमेंट का सेक्शन होगा। जिसमें 2-3 प्रश्न दिए गए टेक्स्ट मैटीरियल पर आधारित होंगे।
केस स्टडी और आर्टिकल में ऐसे प्रश्न शामिल होंगे, जिससे छात्रों में सैद्धांतिक सोच का विकास हो सके। नौवीं में जहां सभी विषयों के लिए ऐसा एसेसमेंट होगा, वहीं 11वीं के तीन विषयों अर्थशास्त्र, बॉयोलॉजी और भूगोल में ऐसे मूल्यांकन होगा। वर्ष 2015 की परीक्षा में 10वीं और 12वीं के लिए यह स्कीम लागू होगी। गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर तक स्कूलों को यह मैटीरियल दिए जाने की योजना थी।
