ट्रैफिक रोके बिना बनेगा सब-वे

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, आईटीओ पर आपकी राह आसान करने जा रही है। केंद्रीय सचिवालय से कश्मीरी गेट लाइन पर बनने वाले आईटीओ स्टेशन पर सड़क पर करने के लिए दो सब-वे का निर्माण किया जाएगा। खास बात यह है कि सब-वे बनाने के लिए रास्ते पर जारी ट्रैफिक को रोका नहीं जाएगा।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय और आंध्र स्कूल के सामने बनने वाले दोनों सब-वे का इस्तेमाल मेट्रो स्टेशन से आवागमन करने के लिए अलावा सड़क पार करने के लिए भी किया जा सकेगा। इन दो रास्तों के अलावा सब-वे से बहादुर शाह जफर मार्ग पर मानक भवन और डॉल म्यूजियम पर भी आवाजाही की जा सकेगी।
डीएमआरसी के अनुसार व्यस्त आईटीओ चौराहे पर ट्रैफिक रोके बिना बॉक्स पुश्ंिाग तकनीक से दिल्ली पुलिस मुख्यालय के सामने सब-वे बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस तकनीक में खड़ी खुदाई या ज्यादा खुदाई की जरूरत नहीं पड़ती। 48 मीटर लंबे सब-वे बनाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक जैक्स की सहायता से सीमेंट से छह बॉक्स डाले जाएंगे। कार्य स्थल पर ही डिजाइन किए जाने वाले एक बॉक्स के निर्माण 21 दिन का समय लगता है। डीएमआरसी के अनुसार पारंपरिक तरीके से काटने और कवर करने की तकनीक के मुकाबले बॉक्स पुशिंग तकनीक से काम जल्दी होता है। जून से शुरू हुआ निर्माण कार्य सितंबर में पूरा हो जाएगा।
अहम है कि डीएमआरसी ने फेस-तीन में निर्माण के दौरान ट्रैफिक दिक्कत कम करने के लिए सब-वे के निर्माण के लिए ‘बॉक्स पुशिंग‘ तकनीक अपनाने का निर्णय लिया है। आईटीओ के अलावा इस तकनीक का उपयोग डाबरी मोड़, पंचशील पार्क, चिराग दिल्ली, नेहरू प्लेस (जनकपुरी पश्चिमी-बॉटनिकल गार्डन कॉरिडोर) और भीकाजी कामा प्लेस (मुकुंदपुर-शिव विहार कॉरिडोर पर) मेट्रो स्टेशनों के अलावा कुछ और सब-वे में किया जा रहा है।

सब-वे बनने के बाद आईटीओ स्टेशन पर प्रवेश /निकास
दिल्ली पुलिस मुख्यालय, विकास मार्ग
इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स, विकास मार्ग
आंध्र स्कूल, डीडीयू मार्ग
इंडियन काउंसिल फॉर चाइल्ड वेलफेयर
डॉल म्यूजियम, प्रेस एरिया
मानक भवन, बहादुर शाह जफर मार्ग

Related posts