प्रोजेक्ट बनाने में लगाओ मन, अंक मिलेंगे ए-वन

नई दिल्ली। दिल्ली विवि में चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम के तहत शुरू हुए 11 फाउंडेशन कोर्सेज की मूल्याकंन प्रक्रिया में बड़े बदलाव हो रहे हैं। फाउंडेशन कोर्सेज के तहत अब प्रोजेक्ट वर्क के लिए छात्रों को ज्यादा अंक मिलेंगे। वहीं सेमेस्टर के अंत में होने वाली परीक्षा के अंक कम कर दिए गए हैं। डीयू की एकेडमिक काउंसिल की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। अब एकेडमिक काउंसिल से हरी झंडी मिले इन प्रस्तावों को शनिवार को होने वाली कार्यकारिणी परिषद की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
डीयू के 11 फाउंडेशन कोर्सेज की मूल्याकंन प्रक्रिया के तहत 35 अंकों के प्रोजेक्ट व 40 अंकों की परीक्षा निर्धारित थी। इस तरह से फाउंडेशन कोर्सेज का मूल्याकंन 75 अंकों के साथ होना था। अब प्रशासन ने इस मूल्याकंन प्रक्रिया में बदलाव करते हुए प्रोजेक्ट वर्क, के लिए 55 अंक (जिसमें प्रोजेक्ट, ग्रुप डिस्कशन व अन्य गतिविधियां शामिल हैं) व लिखित परीक्षा के लिए 20 अंक निर्धारित किए हैं। अब नई व्यवस्था के तहत मूल्यांकन 20-55 का होगा। कोर्सेज के लिए सेमेस्टर परीक्षाओं के पेपर विवि प्रशासन ही तैयार करेगा, जबकि इनका मूल्याकंन शिक्षक करेंगे। एकेडमिक काउंसिल के सदस्य डॉ. राजेश झा ने बताया कि एकेडमिक काउंसिल की बैठक में अगले साल से पीजी स्तर पर कोरियन व चीनी लैंग्वेज के पाठ्यक्रम को शुरू करने की मंजूरी दी गई है। साथ ही पीजी स्तर पर एम लाइफ लांग लर्निंग एंड एक्सटेंशन व एमडी इन नेफ्रोलॉजी कोर्स के पाठ्यक्रम को भी हरी झंडी दी गई है।

रामलाल आनंद इवनिंग अब हुआ आर्यभट्ट कॉलेज
रामलाल आनंद इवनिंग कॉलेज अब जल्द ही मॉर्निंग कॉलेज कहलाएगा। साथ ही यह कॉलेज अब आर्यभट्ट कॉलेज कहलाएगा। एकेडमिंक काउंसिल ने इसे मंजूरी दे दी है।

शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को हरी झंडी
दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में रिक्त पड़े शिक्षकों के लगभग चार हजार पदों पर अब नियुक्ति के लिए स्क्रीनिंग होगी। लिहाजा अब सहायक प्रोफेसर के पद के लिए आने वाले सभी आवेदकों को साक्षात्कार के लिए न बुलाते हुए स्क्रीनिंग के आधार पर अवसर दिया जाएगा।

Related posts