
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद ने बद्दी शहर में सीवरेज योजना का प्रस्ताव पारित करके स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा है। इस योजना पर 34 करोड़ 77 लाख दस हजार रुपये खर्च किए जाने हैं। प्रदेश सरकार ने इसे पहले ही मजूरी दे दी है। अब केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद योजना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
नप अध्यक्ष चौधरी मदन लाल की अध्यक्षता में आयोजित विशेष नगर परिषद की बैठक में अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवेल्पमेंट ऑफ स्मॉल एंड मीडियम टाउन योजना के सीवरेज कंपोनेंट पर चर्चा हुई। हाउसिंग बोर्ड के तहत आने वाले क्षेत्र की सीवरेज योजना की मरम्मत का कार्य भी इसी योजना के तहत होगा। योजना की नॉडल एजेंसी आईपीएच विभाग होगा।
बैठक में ओरो स्पिनिंग मिल तक सड़क का पुनर्निर्माण, वार्ड नंबर एक में हरिजन बस्ती में नाले की निर्माण तथा वार्ड नंबर नौ में बसंती बाग में मुख्य मार्ग से लेकर सड़क में इंटरलॉकिंग टाइल लगवाने का प्रस्ताव पारित किया गया। चौधरी मदन लाल ने रिफार्म एजेंड के तहत हाउस रेंट, ई गवर्निंग और गरीब लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं को लागू करने के लिए तैयार है। बैठक में चौधरी मदन लाल के अलावा उपाध्यक्ष सरदार बंत सिंह, संजीव कुमार, अमर सिंह, करनैल चौधरी, तेजा राम, बीना कौशल, राज कुमारी, सुनिता चौधरी, सुनिता देवी, मास्टर सलीम मोहम्मद, प्रकाश चौधरी, उर्मिला चौधरी और इंद्र राम मौजूद रहे।
