
नालागढ़ (सोलन)। करीब 6 वर्षों के बाद नालागढ़ अस्पताल में हुई स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती के बाद उन्हें सोलन अस्पताल में प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाने पर गुस्साए लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। शुक्रवार को चिकित्सक ने जब अस्पताल में उपचाराधीन करीब 15-16 रोगियों को अन्य अस्पतालों में रेफर करना शुरू कर दिया तो उनके तीमारदारों को मालूम पड़ा कि स्त्री रोग विशेषज्ञ को जिला अस्पताल में प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा रहा है तो वह एकत्रित होकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन करने लगे।
नालागढ़ अस्पताल में करीब 600 ओपीडी में से 100 ओपीडी स्त्री रोग से संबंधित होती है और नालागढ़ अस्पताल उपमंडल का केंद्र बिंदू है और यहां दूरदराज क्षेत्रों से लोग व महिलाएं उपचार करवानी आती हैं और प्रसूति भी यहीं करवाती हैं। सिटीजन एक्शन ग्रुप के चेयरमैन एडवोकेट रविंद्र सिंह ठाकुर, टैक्सी यूनियन के प्रधान बग्गा सिंह और रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष पिंकी राणा आदि ने कहा कि बड़ी मुश्किल से यहां स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती हुई है, लेकिन उसे भी प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है। परवाणू या अर्की से भी गाइनी चिकित्सक को प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा सकता था। बीबीएन बहुत बड़ा क्षेत्र है और प्रसूति व उपचार के लिए मरीज यहीं आते हैं। उन्होंने चेताया कि यदि स्वास्थ्य विभाग ने गाइनी चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति को रद नहीं किया तो वे सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगे।
भवन एवं अन्य निर्माण कामगार वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन बावा हरदीप सिंह ने कहा कि गाइनी चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति की गई है तो वह सरकार के ध्यान में मामला लाएंगे। बीएमओ डा. हरमोहिंदर सिंह ने कहा कि सीएमओ से आए आदेशानुसार ही गाईनी चिकित्सक को यहां से रिलीव किया गया है। सीएमओ सोलन डा. एसपी सिंह ने कहा कि आलाधिकारियों से प्राप्त आदेशों के तहत ही गाईनी चिकित्सक को नालागढ़ से सोलन बुलाया गया है।
