समरहिल के लोगों की दिक्कतें होंगी दूर

शिमला। समरहिल वार्ड के लोगों को अब नगर निगम के माल रोड स्थित दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। शुक्रवार से समरहिल में वार्ड ऑफिस खुल गया है। स्थानीय पार्षद सहित निगम की सभी शाखाओं के एक-एक कर्मचारी अब बालूगंज स्थित वार्ड ऑफिस में बैठेंगे। स्थानीय लोगों का हर छोटा-बड़ा काम अब यहीं पर होगा। नगर निगम के महापौर संजय चौहान ने वार्ड ऑफिस का उद्घाटन किया।
वार्ड पार्षद दीक्षा ठाकुर ने बताया कि स्थानीय लोगों को अब अपने काम करवाने के लिए निगम के मुख्य दफ्तर में नहीं जाना पड़ेगा। वे रोजाना इस दफ्तर में बैठेंगी। स्थानीय लोग दफ्तर में आकर अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत करवा सकते हैं। निगम की सभी शाखाओं के कर्मियों की भी वार्ड ऑफिस में उपस्थिति सुनिश्चित करवाई जाएगी। महापौर संजय चौहान ने कहा कि निगम के सभी वार्डों में दफ्तर खोलना प्रस्तावित हैं। धन और स्थान की उपलब्धता होने पर दफ्तर खोले जाएंगे। ई-गवर्नेंस प्रोजेक्ट के तहत इन वार्ड ऑफिसों को कंप्यूटराइज्ड किया जाएगा। प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद स्थानीय लोग वार्ड आफिस के माध्यम से ही पानी बिल, टैक्स आदि जमा करवा सकेंगे। इस अवसर पर उप महापौर टिकेंद्र पंवर, सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts