पदक विजेता खिलाड़ियों को सीएम ने नवाजा

मंडी। राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश भर से विकास, सामाजिक कार्यों के अलावा खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न जिलों के सांस्कृतिक दलों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध और प्राचीन संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
समारोह में जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष हरिचंद को देश में गत दो साल से ग्रामीण विकास में प्रथम स्थान पर रहने के लिए एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा मई 2013 में एवरेस्ट पर्वतारोहण के लिए भारत तिब्बत सीमा पुलिस के करमा दावा, अश्वनी कुमार, खीमी राम, रजत, अजय सोहल, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार और वीरेंद्र सिंह को 50-50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वियोंगचांग, कोरिया में विश्व शीतकालीन खेल-2013 में स्नो-बोर्डिंग प्रतियोगिता में कांस्य पद जीतने के लिए सहयोग विद्यालय नागचला मंडी के विशेष बालक जगदीश को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता कुल्लू जिले की कुमारी गुरमीत कौर और शिमला जिला के सुन्नी तहसील के बेसर दास हरनोट को भी सम्मानित किया गया। मंडी जिले के विभिन्न स्कूलाें के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेलों में पुरस्कार जीतने के लिए सम्मानित किया गया। बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने के लिए वीरेंद्र कुमार, जूडो में रजत पदक विजेता कुमारी वीना, बॉक्सिंग में कांस्य पदक विजेता कुमारी कृष्णा और रजत पदक विजेता सौरव, वॉलीबाल में रजत पदक कुमारी पूजा ठाकुर और बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता कुमारी गुरवंती को सम्मानित किया गया। मंडी जिले के झीड़ी के समीप मई माह में दर्दनाक बस हादसे में लगभग 30 यात्रियों को बचाने के लिए बचाव दल के 13 सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

Related posts