दो साल से दूरसंचार सेवाएं ठप

सिहुंता (चंबा)। आजाद संषर्ष मंच भटियात ने क्षेत्र में दूरसंचार व्यवस्था ठप होने पर कड़ा रोष जताया है। मंच के प्रधान भूपेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उपमंडल भटियात में बीएसएनएल की दूरसंचार व्यवस्था चरमरा गई है। उपमंडल में कभी बिजली बंद हो जाती है तो कभी मोबाइल व लैंडलाइन टेलीफोल काम करना बंद कर देते हैं। समोट के एक्सचेंज से तार चोरी हो जाने पर कई महीनों से टेलीफोन नहीं चल रहे हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है। भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इससे काफी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि टुंडी, डैंठा, समोट, खनोड़ा में दो सालों से लैंडलाइन फोन खराब पड़े हुए हैं। इस समस्या के बारे में समस्त अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। शिमला व धर्मशाला में भी इस संबंध में शिकायत की जा चुकी है। शिकायत के बावजूद क्षेत्र में दूरसंचार व्यवस्था को पटरी पर लाने के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। संघर्ष मंच के प्रधान ने बीएसएनएल से समस्या हल करने की मांग की है। बीएसएनएल के मंडल अभियंता राज सिंह चौहान ने बताया कि ओएफसी कटने के कारण दूरसंचार व्यवस्था ठप हो गई है। इसे ठीक करने के लिए टीम भेज दी गई है। जल्द दूरसंचार व्यवस्था ठीक कर दी जाएगी।

Related posts