
इंदौरा (कांगड़ा)। पौंग बांध से छोड़े गए पानी से इंदौरा तहसील के मंड क्षेत्र में मची तबाही से प्रभावित परिवारों को प्रशासन की तरफ से फौरी राहत के तौर पर 4 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित संबंधित पंचायतों के प्रधानों को तिरपालें उपलब्ध करवाई गईं। इंदौरा के तहसीलदार प्रताप सिंह ने बताया कि सूरजपुर पटवार सर्कल में प्रभावित परिवारों को एक लाख 85 हजार, घंडरा में 25 हजार, राजा खास व सनौर में 20 हजार, संजवा व बडूखर में 20 हजार, गठोता-त्योड़ा में 30 हजार, मलकाणा में 40 हजार व मलोट में 20 हजार की राहत राशि वितरित की गई। इसके अलावा मंड भोग्रवां में 14, पराल में 8, मंड मियानी में 2 और रियाली में 1 तिरपाल संबंधित पंचायत प्रधानों को उपलब्ध करवाई गई है। तहसीलदार प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि भारी बरसात व भूस्खलन के चलते इंदौरा तहसील में करीब 6 करोड़ 39 लाख रुपये के बरसाती नुकसान का आंकलन किया जा चुका है। जबकि बरसात व भूस्खलन से करीब 500 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हुई है। साथ ही घरेलू व निजी संपत्ति का तकरीबन 61 लाख रुपये का नुकसान आंका जा चुका है। उन्होंने संबंधित पंचायतों के पटवारियों व प्रधानों को सभी प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का आग्रह किया है।
खड्ड के बहाव में बही स्कूल की चहारदीवारी
फतेहपुर (कांगड़ा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला भेरता की करीब 30 मीटर चहारदीवारी शुक्रवार को खड्ड के तेज बहाव में बह गई। इससे स्कूल के प्रांगण में पानी भर गया तथा स्कूल की एक अन्य चहारदीवारी भी हिल गई है। वहीं, लगातार हो रही भारी बरसात से उफनती खड्ड के पानी से स्कूल की चहारदीवारी क्षतिग्रस्त होने के बाद अब स्कूल भवन भी खतरे की जद में आ गया है। मुख्य अध्यापक प्रकाश सिंह ने बताया कि चहारदीवारी क्षतिग्रस्त होने की सूचना संबंधित विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है।
