सेब उत्पादक संघ और आढ़तियों में ठनी

कुमारसैन (शिमला)। नारकंडा में सेब उत्पादक संघ और आढ़ती आमने सामने की लड़ाई के लिए तैयार हो गए है। जहां आढ़तियाें ने दो दिन पहले कहा था कि अगर संघ ने फिर से किसी प्रकार का आंदोलन या प्रदर्शन किया तो वे नारकंडा में सेब मंडी को बंद कर देंगे। उनका आरोप है कि सेब उत्पादक संघ के कुछ लोग बागवानों को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन अब सेब उत्पादक संघ ने 19 अगस्त को नारकंडा में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंघा ने कहा कि नारकंडा मंडी में सेब बागवानों को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारकंडा मंडी में नियमों को ताक पर रख कर कारोबार किया जा रहा है। इससे बागवानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि संघ 19 अगस्त को नारकंडा में उग्र प्रदर्शन करेगा। इस दौरान नारकंडा बाजार और एनएच को दो घंटे तक बंद रखा जाएगा। वहीं, सिंघा से जरोल टिक्कर के स्टोर को निजी हाथ में सौंपने की प्रदेश सरकार के फैसले की आलोचना की। उन्होंने मांग की है कि इस फैसले को वापस लिया जाए। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष केशव राम और प्रेस सचिव राकेश वर्मा ने कहा है कि 19 अगस्त को नारकंडा में 11 से 2 बजे तक बागवानों समस्याओं और मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान रैली भी निकाली जाएगी।

Related posts