ऑटो चालक ने बच्ची से की छेड़खानी

हरिद्वार। लक्सर रोड स्थित एक स्कूल में एलकेजी में पढ़ने वाली मासूम बच्ची के साथ ऑटो चालक ने छेड़खानी की। घर पहुंचने के बाद मासूम को बिलखता देख परिजनों को घटना के बारे में पता चला। गुस्साए परिजनों ने ऋषिकुल चौक पहुंच ऑटो चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। आरोपी को परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस ने बताया कि लक्सर रोड पर स्थित एक पब्लिक स्कूल में एलकेजी में पढ़ने वाली बच्ची को ऑटो चालक लेने गया था। छुट्टी के बाद ऑटो चालक अंकित निवासी राजागार्डन ने बच्ची के साथ छेड़खानी की। रोने पर ऑटो चालक ने उसे टॉफी दिलाई और फिर घर छोड़ दिया। बच्ची के लगातार रोते रहने पर परिजनों को शक हुआ। पूछताछ पर बच्ची ने ऑटो वाले की करतूत बता दी। इससे गुस्साए परिजन ऑटो चालक की तलाश में निकल गए। दोपहर करीब चार बजे परिजनों ने ऑटो चालक को ऋषिकुल चौक पर दबोच लिया और उसकी लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत की है। एसएसआई पीके उनियाल ने बताया कि आरोपी हिरासत में लिया गया है। कनखल थाना क्षेत्र का मामला है, इसलिए मुकदमा वहीं दर्ज किया जाएगा।

Related posts