
कोटद्वार। बुधवार को हल्दूखाता में बिजनौर वन प्रभाग क्षेत्र में करीब 12 फीट लंबे अजगर ने एक बंदर को निगलने का प्रयास किया। इसकी जानकारी पर लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। हल्दूखाता तल्ला में देशबंधु गढ़वाली के खेत में बंदरों की चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।
इस पर वहां उपस्थित लोगों ने पीछे देखा तो लंबे अजगर ने बंदर को आधा निगल रखा था। बंदर खुद को छुड़ाने की काफी कोशिश करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका। लोगों ने अजगर की तरफ कुछ पत्थर फेंककर बंदर को बचाने का प्रयास किया। अजगर ने बंदर को तो छोड़ दिया मगर बंदर बच नहीं सका। सूचना पर बिजनौर वन प्रभाग सहानपुर बीट के आरओ बीरेंद्र सिंह रावत कर्मियाें के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से काफी मसक्कत के बाद अजगर को पकड़कर बोरे में डाल दिया। अजगर देखने वालों का वहां पर तांता लगा हुआ था।
