प्याज पर महंगाई से राहत देने को मंडी समिति की पहल

हल्द्वानी। आंसू निकाल रहे प्याज की महंगाई से लोगों को राहत देने के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति के अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने पहल की है। मंडी समिति में आयोजित बैठक में उत्तराखंड में आई दैवीय आपदा एवं प्याज के मूल्य में बेतहाशा वृद्धि को देखते हुए आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को देवानंद सिंधी एवं मंडी स्थल में प्याज का कारोबार करने वाले व्यापारियों के सहयोग से प्याज का रिटेल काउंटर खोलने का निर्णय लिया गया।
मंडी समिति अध्यक्ष सुमित हृदयेश एवं उपाध्यक्ष सलीम अंसारी ने कहा कि अभी एक काउंटर शुरू किया जा रहा है तथा जरूरत पड़ने पर रिटेल काउंटर और बढ़ाए जाएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को मंडी में मैसर्स एनके एंड कंपनी, 16 अगस्त को मैसर्स लक्ष्मी चंद्र शोभराज, 18 अगस्त को मैसर्स भारत फ्रूट कंपनी, 19 अगस्त को मैसर्स सै. कासिम अली एंड संस, 20 अगस्त को मैसर्स शाहिद रजा एंड कंपनी एवं 21 अगस्त को मैसर्र्स नवीन गिरी गोस्वामी के प्रतिष्ठान पर प्याज का रिटेल काउंटर लगाया जाएगा। काउंटर पर प्रति परिवार अधिकतम दो किलो ग्राम प्याज 40 रुपये प्रतिकिलो की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। ध्वजारोहण के उपरांत मंडी समिति अध्यक्ष प्याज के रिटेल काउंटर का शुभारंभ करेंगे। बैठक में मंडी सचिव विनोद कुमार लोहुमी, व्यवसायी देवानंद सिंधी, नरेश कुमार, अमित आसवानी, टिकम दास, शरफराज अली, शहिद रजा, हीरा लाल, टीसी गुरुरानी, उमेश चंद्र त्रिपाठी, भुवन गोस्वामी, संजय शर्मा एवं नरेश प्रकाश पंत आदि उपस्थित थे।

Related posts