स्मारक के लिए नहीं बन पाई सड़क

रुद्रपुर। आज देश स्वतंत्रता दिवस की 66वीं वर्षगांठ मना रहा है। यह दिन आजादी के जश्न और देश की खातिर जान देने वाले जांबाज शहीदों को नमन करने का है। इस अवसर पर हर कोई जनप्रतिनिधि और संगठन शहीदों के सम्मान और देश प्रेम की बात करता नजर आता है। इस देश प्रेम की हकीकत यह भी है कि वर्षों बाद भी शहीद स्मारक तक सड़क नहीं बन पाई है।
भारत सरकार ने जिला मुख्यालय रुद्रपुर में 1972-1973 में शहीद स्मारक का निर्माण कराया। ब्लाक कार्यालय के समीप बने इस स्मारक में तीन शिलापट लगाए गए। एक में भारत के संविधान की प्रस्तावना तो दो में सेनानियों के नाम अंकित किए गए। ब्लाक मार्ग से इस स्थान की दूरी करीब 50 मीटर से कम ही है। 1972-1973 के बाद कई बार सरकारें बदली लेकिन किसी भी दल की सरकार के नुमाइंदों ने स्मारक स्थल जाने के लिए सड़क तक नहीं बनायी। अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिलाध्यक्ष जगत सिंह परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष जीसी परगांई सहित सुभाष मिश्रा, हरीश पांडे, मदन मोहन शर्मा ने बताया कि जल्द ही जिला प्रशासन से स्मारक की देखभाल का जिम्मा संगठन को देने की मांग की जाएगी।
नोट फोटो संख्या-14आरडीपी- 6पी-शहीद स्मारक को जाने वाली पगडंडी, 7पी-ब्लाक कार्यालय के समीप बना शहीद पार्क।

Related posts