
दन्यां। धौलादेवी ब्लॉक में चेलछीना के निकट एक स्कूटी के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को धौलादेवी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया है।
नगर के गोलना करड़िया निवासी अवकाश प्राप्त सैनिक छत्रपाल सिंह (62) बुधवार प्रात: पुत्रवधू संगीता रौतेला को फूटा स्कूल में शिक्षिका पद पर ज्वाइनिंग कराने स्कूटी से जा रहे थे। स्कूल पहुंचने से पूर्व ही चेलछीना के निकट स्कूटी संख्या यूके 01-5844 अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना में स्कूटी चला रहे छत्रपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और संगीता घायल हो गई।
सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल संगीता को धौलादेवी अस्पताल पहुंचाया और राजस्व पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। घायल महिला को धौलादेवी से अल्मोड़ा बेस अस्पताल लाया गया। संगीता की गंभीर हालत के चलते डाक्टर ने उसे हल्द्वानी अस्पताल रेफर कर दिया है। इधर राजस्व पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
