
नई दिल्ली । भारतीय आम आदमी परिवार (बाप) के बैनर तले एकजुट कार्यकर्ताओं ने ‘आप’ की आय पर सवालिया निशान लगाया है। साथ ही पार्टी पर फिजूलखर्ची का भी आरोप है। ‘बाप’ के सदस्य योगेश कुमार, उमेश कुमार और नीरज कुमार के साथ अन्ना आंदोलन से जुड़ी ऐनी कोहली ने बुधवार मीडिया से बात की।
योगेश कुमार ने अरविंद केजरीवाल से सवाल किया कि जन लोकपाल आंदोलन के दौरान अन्ना कार्ड और अन्ना संदेश से करोड़ों की कमाई हुई थी। पार्टी इसका इस्तेमाल कहां कर रही है। साथ ही अन्ना द्वारा वापस किए गए दो करोड़ रुपये अरविंद और उनकी टीम ने कहां खर्च कर रही है।
वहीं उमेश कुमार ने आरोप लगाया कि बारिश के इस मौसम में पार्टी पोस्टर-बैनर पर करोड़ों खर्च कर रही है। पार्टी अपने कार्यालय और उसके कर्मचारियों पर भी मोटी रकम खर्च कर रही है। जन लोकपाल और पारदर्शिता की दुहाई देने वाली टीम अरविंद को इसका जवाब जनता को देना चाहिए। ऐनी कोहली ने कहा, ‘पार्टी की एक सदस्य अंजली दमानिया पर भ्रष्टाचार का आरोप लग चुका है। लेकिन पार्टी के लोकपाल की जांच का अभी तक कुछ भी पता नहीं है।’
