बग्गी तुंगल में 40 लाख से तैयार होगा स्टेडियम : अनिल

मंडी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में अग्रणी है। उन्होंने बुधवार को राजकीय माध्यमिक पाठशाला बग्गी तुंगल में तीन दिवसीय साईगलू खंड की छात्राओं की 7वीं खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में साईगलू खंड की 21 माध्यमिक पाठशालाओं की 274 खिलाड़ी छात्राएं भाग ले रही हैं।
उन्होंने कहा कि सदर क्षेत्र के स्कूलों में सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। प्रदेश सरकार छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में रुचि लेने के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रही है तथा हर स्कूल में खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। बग्गी तुंगल में स्टेडियम के निर्माण के लिए 40 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता बनाए रखते हुए इस स्टेडियम का निर्माण कार्य एक वर्ष के भीतर पूर्ण करें। उन्होंने स्टेडियम की दीवार गिरने के कारणों की जांच के आदेश दिए। अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शीघ्र ही कोटली क्षेत्र का दौरा करेंगे तथा विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। जिसमें कोटली में तहसील तथा बस अड्डे का निर्माण कार्य मुख्य है। कहा कि राजकीय माध्यमिक पाठशाला बग्गी तुंगल को निकट भविष्य में दस जमा दो का दर्जा प्रदान कर दिया जाएगा। पंचायत घर साई तथा बग्गी में भवन बनाने तथा बग्गी पंचायत में रिटेनिंग वाल के निर्माण के लिए डेढ़ लाख देने की घोषणा की। इस मौके पर सदर कांग्रेस के अध्यक्ष नारायण गुलेरिया, जिला महामंत्री रवि सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत की प्रधान पीतांबरी देवी, कोटली पंचायत के प्रधान चमन लाल, पशुपालन विभाग के सहायक निदेशक डाज़ेएल शर्मा, एसडीओ लोक निर्माण विभाग बृज लाल ठाकुर मौजूद रहे।

Related posts