
रोहड़ू। पुलिस ने बाजार में मंगलवार रात चोरी के सामान सहित तीन नाबालिग लड़कों को पकड़ा है। तीनों युवक बाजार में एक मोबाइल फोन की दुकान से करीब एक लाख रुपये का सामान उड़ाकर भागने की कोशिश में थे। एक महीने के भीतर बाजार में शटर के ताले काटकर कई चोरी के मामलों में इन युवकों ने अपना जुर्म कबूल किया है। तीनों आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात गश्त के दौरान तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में बाजार में पाए गए। जांच के दौरान पुलिस को उनके पास करीब एक लाख रुपये के मोबाइल फोन और अन्य सामान मिला। पकड़े गए युवकों से पूछताछ की गई तो उन्होंने पुलिस के सामने कबूल किया कि उन्होंने बाजार में काल्टा कांप्लेक्स में एक दुकान से सामान चोरी किया है। पुलिस ने इन तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस दौरान युवकों ने पुलिस के सामने बाजार की कई दुकानों में चोरी की बात भी कबूली है। पुलिस ने कुछ दिन पहले एक दुकान से चोरी मोबाइल फोन तथा कुछ अन्य सामान को भी युवकों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। एएसआई भोपिंद्र सिंह ने बताया कि तीनों युवकों ने पूछताछ में चोरी के कई मामलों को कबूल कर लिया है। अब उनसे चोरी के सामान की बरामदगी निशानदेही पर हो रही है। डीएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि चोरी में संलिप्त तीनों युवक स्कूल में पढ़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि युवकों के माता-पिता प्रवासी हैं। युवक बाजार की कई चोरियों में संलिप्त हैं।
