
हांगकांग: हांगकांग के निकट तथा चीन के दक्षिणी तटीय इलाकों की तरफ बढ रहे जबरदस्त तूफान उठोर के कारण कल कई विमान कंपनियों ने अपनी उडानें रद्द कर दी और शेयर में कामकाज बाधित हुआ। हांगकांग मौसम विभाग ने आज तडके इस तूफान के बारे में सूचित किया। इसे तीसरा सबसे खतरनाक तूफान घोषित किया गया है।
तूफान की रफ्तार 122 किलोमीटर प्रति घंटा रिकार्ड की गई है जिसके कारण हांगकांग अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से कई उडान रद्द कर दी गई। सूत्रों के अनुसार इस जबरदस्त तूफान के आने से व्यापारिक बाजारों, स्कूलों तथा अन्य सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा। हालांकि इस तूफान ने हांगकांग को सीधे तौर पर प्रभावित नहीं किया लेकिन मकाऊ तथा हैनन द्वीप के निकट स्थित चीन के गुआनडोंग प्रांत की ओर से चलने वाली हवाओं ने हांगकांग के जन जीवन पर प्रभाव डाला है।
चीन की संवाद समिति शिन्हुआ न्यूज के अनुसार मंगलवार शाम सान्या तथा हैकोऊ हवाईअड्डे पर लगभग तीन हजार से अधिक यात्री फंसे रहे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि लगभग 15 उडानें, कुछ रेल गाडियों तथा समुद्री सेवाओं को रद्द कर दिया गया है।
