
मंगलौर। कई दिनों से चल रही रोस्टिंग से परेशान ग्रामीणों ने ग्राम कुरड़ी स्थित विद्युत सब स्टेशन का घेराव कर पूरे इलाके की बिजली बंद करा दी। जिससे मंगलौर कस्बे समेत आसपास के 58 गांवों और औद्योगिक इकाइयों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। भाकियू नेताओं ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर ग्रामीणों के हिस्से की बिजली उद्योगों को देने का आरोप लगाया है। समाचार लिखे जाने तक पूरा क्षेत्र अंधेरे में था।
मंगलवार की देर शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण भाकियू के गढ़वाल मंडल के अध्यक्ष संजय चौधरी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए कुरड़ी गांव के सब स्टेशन पहुंचे वहां नारेबाजी करते हुए उन्होंने स्टेशन का घिराव कर लिया तथा वहां से होने वाली पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करा दी।
संजय चौधरी ने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों की धींगामुश्ती के कारण ग्रामीण परेशान हैं। कई घंटे रोस्टिंग की जा रही है। गांवों के हिस्से की बिजली काटकर उद्योगों को दी जा रही है। भारतीय किसान यूनियन ग्रामीण इलाके के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही बिजली संकट से निजात नहीं दिलाई गई तो अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ा जाएगा। मौके पर मुखराम, जानी, मनोज, नीटू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इस आंदोलन से मंगलौर और नारसन क्षेत्र के 58 गांव और 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों की बिजली ठप हो गई।
