
रुद्रप्रयाग। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ऊखीमठ में डेंटिस्ट और अस्पताल के दो कर्मियों में सोमवार रात को झगड़ा हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया। डेंटिस्ट ने मेडिकल करवा कर थाना ऊखीमठ में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, गाली गलौच और धमकाने का मामला दर्ज कर लिया है।
सोमवार रात 8.45 पर पीएचसी ऊखीमठ में तैनात फार्मेसिस्ट दीपक और कनिष्ठ सहायक महिपाल डेंटिस्ट डा. कमलेश के आवास में घुस गए। कमलेश का आरोप है कि दोनों लोगों ने उसके साथ हाथापाई की और उसे पीटा, जिससे उसे चोटेें आई हैं। अस्पताल में स्टाफ के बीच मारपीट की खबर से हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामला शांत कराया। मंगलवार सुबह कमलेश ने थाने में दोनों के विरुद्ध तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला पंजीकृत कर लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केडी शर्मा ने बताया कि मारपीट के मामले की विभागीय जांच होगी, जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
