
बागेश्वर। कपकोट की ब्लाक प्रमुख पुष्पलता मेहता के 12 वर्षीय पुत्र को एक व्यक्ति ने जबरदस्ती पकड़ कर उसके मुंह पर टेप चिपकाने का प्रयास किया। बालक किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर घर पहुंच गया। उसके पिता ने कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की कोशिश करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से रस्सी और टेप बरामद हुआ है।
कपकोट की ब्लाक प्रमुख पुष्पलता मेहता सपरिवार यहां आरे-द्यांगण मोटर मार्ग के समीप गांवलीगैर में रहती हैं। उनके पति गोपाल सिंह मेहता के अनुसार सोमवार की शाम सात बजे उनका 12 वर्षीय पुत्र प्रियांशु मेहता दूध लेकर घर को लौट रहा था। घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे एक व्यक्ति खड़ा था। उसने पहले प्रियांशु का परिचय पूछा और कहा कि मेरा मोबाइल सड़के नीचे बने कल्वर्ट में गिर गया है कृपया उसे वहां से ले आओ। प्रियांशु उसे लेने कल्वर्ट में गया तो वह व्यक्ति भी नीचे उतर गया। उसने प्रियांशु को दबोचकर उसके मुंह में टेप चिपकाने का प्रयास किया। प्रियांशु किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर भाग गया। उसने घर आकर इसकी सूचना दी। श्री मेहता ने इस मामले की एफआईआर कोतवाली में दर्ज कराई है। प्रभारी कोतवाल सत्य प्रकाश राइपा ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है। कल्वर्ट के अंदर से टेप और रस्सी बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि मामला संगीन है। जांच की जा रही है। गोपाल सिंह मेहता का कहना है कि आरोपी पकड़ में आया तो प्रियांशु उसे पहचान लेगा। प्रियांशु मेहता केंद्रीय विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ता है।
