
बागेश्वर। जिला अस्पताल में कथित अनियमितताओं पर भाजपा युवा मोर्चा ने नाराजगी जताई है। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक का घेराव किया। यहां हुई सभा में में चेतावनी दी कि यदि अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। सभा के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
मंगलवार की सुबह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला चिकित्सालय पहुंचे और सीएमएस आरएस सीपाल का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिला अस्पताल में मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। मरीजों की समय पर न तो जांच हो रही है और न ही दवाइयां समय पर मिल रही हैं। सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई हैं। चिकित्सकों की मिली भगत से मरीजों को बाजार की दवाइयां लिखी जा रही हैं। मरीजों को भर्ती तो किया जाता है लेकिन उन्हें नर्सों और अन्य कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया जाता है। मरीज को तब रेफर किया जाता है जब वह आखिरी सांसे गिन रहा होता है। 11 अगस्त की घटना इसका उदाहरण है। जिसमें प्रसव के बाद एक नवाजात को रेफर किया गया। जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में बदलाव नहीं आया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। सीएमएस के आश्वसन के बाद कार्यकर्ता माने। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी को भी सौंपा। घेराव और सभा में प्रशांत नगरकोटी, गिरीश खेतवाल, संजय जोशी, नवीन परिहार, भरत टंगड़िया, मनीष ओली, हरीश जोशी, राजू लोहनी, मुकेश कठायत, अंकित गोयल, हेम पंडा, दीपक रौतेला, कमल आर्या आदि शामिल थे।
