
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने अधिकारियों से जिला, राज्य, केंद्र पोषित योजना, 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में अपूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित कई अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए आगे से अधूरी जानकारी के साथ बैठक में आने पर कार्रवाई अमल में लाने की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने बैठकों में किए जा रहे कार्यों का ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्य केवल कार्यदायी संस्थाओं के भरोसे न छोड़े जाएं। संबंधित विभागों के अधिकारी स्वयं स्थल का मुआयना करें। उन्होंने अनुपयोगी कार्यों के प्रस्ताव प्रेषित न करने की हिदायत देते हुए कहा कि निर्माण कार्य के लिए भूमि उपलब्ध होने के बाद ही प्रस्ताव आने चाहिए।
डीएम ने पशुपालन, कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास विभाग की योजनाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी मांगी। जिला उद्यान अधिकारी के बैठक में उपस्थित न रहने पर नाराजगी जताई। अधिकारियों से कार्यों का व्यौरा प्रत्येक माह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बीएल राना, डीआरडीए के परियोजना निदेशक नरेश कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी लगणेश चंद्र के साथ ही तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
