तीन स्थानों में सड़क बंद

धारचूला। धारचूला से उच्च हिमालयी क्षेत्र को जाने वाली सड़क दोबाट, कुलागाड़ और ऐलागाड़ में मलबा गिरने से बंद हो गई है। ऐलागाड़ में बनाया गया अस्थाई पुल भी बह गया है। उच्च हिमालयी क्षेत्र को जा रहे लोग वापस लौट आए। बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। बारिश ने नेपाल क्षेत्र में भी भारी तबाही मचाई है।
सोमवार रात हुई भारी बारिश से धारचूला से तवाघाट की ओर दोबाट, कुलागाड़ और ऐलागाड़ में जबरदस्त मलबा आ गया। मलबे से सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। 17 जून की तबाही में ऐलागाड़ में मोटर पुल बह गया था। बीआरओ ने अस्थाई पुल बनाया था, वह भी बह गया। सड़क बंद होने और ऐलागाड़ में पुल बहने से एक बार फिर उच्च हिमालयी क्षेत्र अलग-थलग पड़ गया है।
धारचूला से उच्च हिमालयी क्षेत्र को जा रहा 50 ग्रामीणों का जत्था सड़क बंद होने से वापस धारचूला लौट आया है। बीआरओ सड़क से मलबा हटाने के काम में जुटा हुआ है।
नाचनी। सोमवार रात की बारिश से थल से मुनस्यारी जाने वाली सड़क रातीगाड़ के पास पांच घंटे तो हरड़िया में तीन घंटे तक बंद रही। रातीगाड़ में मंगलवार सुबह पांच बजे भारी मलबा आ गया था, जिसे सुबह 10 बजे हटाया जा सका। हरड़िया में आछ बजे मलबा हटाया जा सका। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। नाचनी में सोमवार रात 74 एमएम बारिश हुई।

Related posts