
भीमताल। राजकीय इंटर कालेज ओखलकांडा में गांव के दो युवकों ने मंगलवार को विद्यालय के शिक्षकों से जमकर अभद्रता की और देख लेने की धमकी दे गए। युवकों के व्यवहार से आक्रोशित विद्यालय के समस्त अध्यापक पैन डाउन हड़ताल पर चले गए हैं। प्रधानाचार्य की तहरीर मिलने के बाद एसडीएम के निर्देश पर राजस्व पुलिस ने शाम को एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्व पुलिस ने बताया कि बीते सोमवार को स्कूल में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय देहरादून से आई टीम दैवीय आपदा से संबंधित नुक्कड़ नाटक दिखा रही थी। नाटक देखने को ग्रामीण भी स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के दो युवक दीपांकर सिंह बोरा और अर्जुन सिंह बोरा छात्राओं के पीछे बैठ गए। व्यायाम शिक्षक राजेंद्र सिंह बर्गली ने युवकों से वहां से उठने को कहा तो दोनों बाहर चले गए और जाते-जाते देख लेने की धमकी दे गए। मंगलवार को स्कूल में छात्राएं वालीबाल खेल रही थी तभी दोनों युवक फिर वहां पहुंचे और उनसे वालीबाल छीनकर चलते बने। प्रधानाचार्य संतोष त्रिपाठी और शिक्षक बर्गली ने बताया कि जब उन्होंने दोनों युवकों से गेट से बाहर निकलकर वालीबाल लेने का कारण पूछा तो वह गालीगलौच और अभद्रता पर उतारू हो गए।
इससे अन्य शिक्षक भी भड़क उठे। शिक्षकों ने घटना की जानकारी ज्येष्ठ प्रमुख त्रिवेंद्र सिंह बोरा तथा राजस्व विभाग को दी। गिरफ्तारी की मांग को लेकर पैन डाउन हड़ताल शुरू कर दी गई। सूचना मिलने पर एसडीएम चंद्र सिंह इमलाल स्कूल पहुंचे। प्रधानाचार्य त्रिपाठी ने एसडीएम को दीपांकर और अर्जुनके खिलाफ तहरीर दी। एसडीएम ने बताया कि अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। इधर, राजकीय शिक्षक संघ के जिला संयोजक राजेंद्र सिंह बर्गली का कहना है कि जब तक विभाग का जिम्मेदार अधिकारी स्कूल पहुंचकर शिक्षक और विद्यार्थियों की सुरक्षा की गारंटी नहीं देता तथा दूसरा आरोपी गिरफ्तार नहीं होता तब तक पैन डाउन हड़ताल जारी रहेगी।
