पर्यावरण का संवर्द्धन-संरक्षण है जरूरी

गोपेश्वर। पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय पर्यावरण जागरूकता अभियान विषय पर दो दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को स्लाइड शो के माध्यम से जैव विविधता और भूगर्भ विज्ञान के बारे में बताया गया।
गोष्ठी के शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण, संवर्द्धन का आह्वान किया। पूर्व प्रमुख कर्णप्रयाग कमल सिंह रावत ने कहा कि पर्यावरण संवर्द्धन के लिए जागरूकता अभियान बेहद जरूरी है। पर्यावरण से छेड़छाड़ पर शासन-प्रशासन को भी संजीदा होने की आवश्यकता है। प्राचार्य डा. डीसी नैनवाल ने कहा कि पर्यावरण से छेड़छाड़ का जैव विविधता पर बुरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने भूगर्भ विज्ञान के बारे में भी छात्रों को विस्तृत जानकारी दी। डा. विनोद रावत ने पर्यावरण संरक्षण पर बल दिया। संचालन करते हुए डा. दर्शन सिंह नेगी ने कहा कि विकास के नाम पर पर्यावरण के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। इसके लिए युवाओं को जागरूक होने की आवश्यकता है। इस मौके पर डा. बीपी भट्ट, वीपी देवली, डा. एएसपी उनियाल, डा. वीपी खाली आदि मौजूद थे।

Related posts