
लोहाघाट। बाराहीधाम में हल्द्वानी निवासी और मेला कमेटी के संयोजक विनोद प्रकाश गड़कोटी ने मंगलवार को मां वज्र बाराही को अपनी ओर से 52 फर्रे (बग्वाल युद्ध में ढ़ाल का काम करने वाले) चारों खामों के मुखियों को वितरित किए। सुबह से यहां भारी वर्षा हो रही थी। फर्रों के वितरण से पूर्व आचार्य भुवन चंद्र जोशी ने मां बाराही का अष्ठोदर पूजन कराया। विनोद गड़कोटी ने अपनी धर्मपत्नी संध्या और मेले में पिछले 20 वर्षों से सहयोग करने हल्द्वानी से आ रहे उनके मित्र देवेंद्र प्रसाद पांडेय ने सपत्नीक हवन यज्ञ में भाग लिया।
सबसे पहले पूरब दिशा में चम्याल खाम के प्रमुख गंगा सिंह चम्याल, उसके बाद वालिक खाम के ब्रदी सिंह बिष्ट, लमगड़िया खाम के विरेंद्र लमगड़िया, गहड़वाल खाम के त्रिलोक सिंह बिष्ट को फर्रे दिए गए। फर्रों के वितरण में पीठाचार्य कीर्ति शास्त्री, अध्यक्ष लाल सिंह चम्याल, दिवान सिंह बिष्ट, दलीप चम्याल, प्रवीण जोशी, गोपाल पंतोला आदि ने सहयोग दिया।
