
नई दिल्ली। शराब के नशे में कार चला रहे एक युवक की गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर कार टकराने से जान चली गई। हादसे में युवक के साथ कार में मौजूद दो युवक बुरी तरह से जख्मी हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतक की शिनाख्त राहुल रहेजा (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गीता कॉलोनी निवासी राहुल अपने पिता के साथ करोलबाग में ऑटो पार्ट्स का व्यवसाय करता था। रविवार देर रात उसने अपने दो दोस्तों रमन (23) और सुमित धीमान (20) के साथ घूमने का प्लान बनाया था। निकलने से पहले तीनों ने जमकर शराब पी। बाद में वीथ्रीएस मॉल, इंडिया गेट और नेहरू प्लेस घूमने के बाद तीनों सोमवार तड़के घर लौट रहे थे। इस बीच आईटीओ से गीता कॉलोनी फ्लाईओवर की ओर आते हुए कार का संतुलन बिगड़ गया और कार रेलिंग से टकरा गई। राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रमन को जीटीबी और सुमित को स्वामी दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे के समय कार की रफ्तार बेहद तेज थी। कार चला रहे राहुल का सिर शीशा तोड़कर खिड़की से बाहर निकल आया और फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गया। गीता कॉलोनी थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
