
सुबाथू (सोलन)। बारिश के कारण सड़क पर मलबा आने से सुबाथू-कुठाड़ मार्ग चयाली के समीप करीब 9 घंटे तक बंद रहा। मंगलवार सुबह करीब 3-4 बजे मार्ग अवरुद्ध हुआ और करीब 12 बजे खुल सका। लोगों को पैदल चलकर बसें पकड़नी पड़ीं। वहीं वाहन चालकों को तीन किमी का अतिरिक्त सफर तय करके गंतव्य के लिए रवाना होना पड़ा।
सड़क बंद होने के कारण दूध, सब्जी और नकदी फसल को ढोहने वाले वाहन चालकों सहित सरकारी बसों को कुठाड़ से वाया आरला मार्ग से सुबाथू आने के लिए तीन किलोमीटर का सफर ज्यादा करना पड़ा। वहीं स्कूली बच्चों और सरकारी कर्मचारियों को बस तक पहुंचने के लिए कैंची मोड़ तक का पैदल सफर करना पड़ा है। लंबे जाम से भी लोग परेशान रहे। स्थानीय उप प्रधान प्रेमचंद ठाकुर, गौरव, राकेश, सचिन, मोहन लाल और संजीव कुमार के अनुसार बरसात होने के बाद इस मार्ग पर भूस्खलन होता है। मार्ग बाधित होने से परेशानी होती है। वहीं सुबह से ही सड़क खुलने का इंतजार कर रहे ट्रक ड्राइवर रामलाल, सुदेश कुमार, नीरज कुमार और पम्मी के अनुसार रोजाना इस मार्ग से सैकड़ों ट्रक चालक बद्दी-बरोटीवाला निकलते हैं। सड़क बंद होने पर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। वहीं इस संबंध में सुबाथू के सहायक अभियंता संदीप सोबती ने कहा कि पहाड़ी से लगातार मलबा खिसकने के कारण मार्ग खोलने में काफी परेशानी रही। मशीन और कर्मचारियों की मदद से 12 बजे पूरी तरह से मार्ग खोल दिया गया।
