
मंडी। छात्र संघ चुनाव के चलते मंगलवार को वल्लभ कॉलेज में विभिन्न छात्र संगठनों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र भरे। इसके बाद छात्र संगठनों ने कालेज में शक्ति प्रदर्शन भी किया। जिले के सबसे बड़े कॉलेज वल्लभ में एनएसयूआई और विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताआें ने नामांकन पत्र भरने के बाद अपने-अपने समर्थन में वोटर छात्राें को इकट्ठा करने के लिए बैठकें कीं। इसके बाद दोनों ही छात्र संगठनाें ने रैलियां निकालीं तथा कालेज परिसर में शक्ति प्रदर्शन किया। पहले एनएसयूआई के कार्यकर्ताआें ने कालेज परिसर में छात्रों को इकट्ठा कर रैली निकाली तथा शक्ति प्रदर्शन किया। इसके बाद अभाविप के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली तथा घेरा बनाकर शक्ति प्रदर्शन किया। शक्ति प्रदर्शन करते हुए छात्र संगठनों ने अपने-अपने बैनरों को हाथ में लेकर समर्थकों के बनाए पूरे घेरे में घुमाया। छात्र प्रतिनिधियाें ने एक-एक छात्र के पास जाकर वोट और स्पोर्ट की अपील की। मंडी कालेज में इस बार 4100 वैध छात्र वोटर हैं। इनमें छात्रा वोटर संख्या 2493 है। ऐसे में इस बार प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला छात्रा वोटर के हाथ में है। नामांकन पत्र भरने के बाद एनएसयूआई तथा अभाविप के शक्ति प्रदर्शन में छात्राओं की भी खासी तादाद थी।
