154 सेवानिवृत्त पटवारियों से भरे जाएंगे पद : गोपाल

मंडी। संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ जिला मंडी की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें महासंघ की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद ने कहा कि रिक्त पदों पर शीघ्र ही 154 सेवानिवृत्त पटवारी रखे जाएंगे तथा आमदनी प्रमाण पत्र वित्त सचिव के दिशा-निर्देशानुसार बनाए जाएंगे। इसके अलावा पटवारखाना भवन में शीघ्र ही शौचालय बनाए जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले के पटवारी-काननूगो महासंघ के 31 सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा करते हुए कुछ समस्याओं का तुरंत निपटारा किया। साथ ही कुछ मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अनुबंध पटवारियों तथा क्षेत्रीय काननूगो को बिजली स्टेशनरी भत्ता देने तथा सभी कर्मचारियों को सर्दी भत्ते में बढ़ोतरी और वेतन सारिणी उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। बैठक में महासंघ के प्रधान हेम राज शर्मा, महासचिव दीनानाथ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत भूषण राणा आदि मौजूद रहे।

Related posts