
बिलासपुर। पीजी कालेज बिलासपुर में केंद्रीय छात्र संघ के चुनाव में इस बार मुकाबला तिकोना होने के आसार हैं। बीएसए, एबीवीपी और बीएसए ने मंगलवार को धूम-धड़ाके के साथ अपने-अपने उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके बाद तीनों संगठनों ने कालेज कैंपस में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।
स्थानीय कालेज में बिलासपुर स्टूडेंट एसोसिएशन, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बीएसए, एबीवीपी ने जहां एक पद पर छात्रा को प्रत्याशी बनाया है। एनएसयूआई ने सभी पदों पर छात्र प्रत्याशियों पर दांव खेला है। बीएसए की ओर से प्रधान पद, एबीवीपी सचिव पद पर छात्रा प्रत्याशी पर दाव खेला हैं। एनएसयूआई ने सभी पदों पर छात्र प्रत्याशियों को ही चुनावी मैदान में उतारा है। एनएसयूआई ने प्रधान पद पर गौरव, उपप्रधान अरविंद, महासचिव विजय, सचिव राहुल, बीएसए ने प्रधान पद पर पूजा, उपप्रधान राकेश, महासचिव आशीष, सचिव पंकज, एबीवीपी ने प्रधान पद पर अशोक, उपप्रधान अनीष, महासचिव अंकुर, सचिव पद के लिए चेतना को चुनावी मैदान में उतारा है। हर छात्र संगठन ने संतुलन बनाने का प्रयास किया है। नामांकन पत्र भरने के बाद तीनों संगठनों ने रैली निकाली। एबीवीपी ने कालेज से पूरे शहर की परिक्रमा करते हुए लक्ष्मी नारायण मंदिर तक रैली निकालकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। जबकि बीएसए ने कालेज में रैली के दौरान एक तरह से जश्न मनाया।
कई प्रत्याशियों के नामाकंन रद्द:
बिलासपुर। स्वामी विवेकांनद डिग्री कालेज घुमारवीं में एमए अंग्रेजी के डीआर, बिलासपुर में बीसीए प्रथम के सीआर, पीजीडीसीए के डीआर, बीए प्रथम सीआर, बीए तृतीय सीआर, बीकॉम द्वितीय सीआर का नामांकन रद हुआ है। डिग्री कालेज नयनादेवी में एनएसयूआई से महासचिव पद के लिए अंजना का नामांकन पत्र रद हो गया। वहीं, सचिव पद के लिए किसी ने भी नामांकन नहीं किया।
