
नैनीखड्ड/चंबा/राख। जिला में बारिश के कारण लगभग सभी प्रमुख मार्ग मलबा गिरने से बंद रहे। इसके कारण सैकड़ों वाहन और यात्री रास्ता खुलने तक काफी देर तक फंसे रहे। शाम को नैनीखड्ड के पास पठानकोट-चंबा मार्ग करीब एक घंटा बंद रहा। इससे वाहनों की कतारें लग गईं। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ डलहौजी हेमचंद शर्मा ने बताया कि मार्ग बंद होने की सूचना मिलने के आधे घंटे बाद मार्ग को खोल दिया गया था। उन्होंने कहा कि यहां जेसीबी की व्यवस्था की गई है। उधर, चंबा के बालू पुल से कुछ दूरी पर चंबा-साहो रोड पर बारिश से मलबा गिरने के कारण यह मार्ग शाम को छह बजे के करीब बंद हो गया। इससे यहां भी करीब एक घंटा यातायात ठप रहा।
चंबा स्थित पीडब्ल्यूडी के एसडीओ जेएस ठाकुर ने बताया कि मलबा गिरने की सूचना मिलते ही जेसीबी मौके पर रवाना कर दी गई है। मार्ग खोल दिया जाएगा। वहीं चंबा-भरमौर मार्ग भी बग्गा डैम के पास मंगलवार शाम को बंद हो गया है। इस संबंध में एसडीओ राख हर्ष पुरी ने बताया कि मार्ग का यह हिस्सा एनएचपीसी के अंदर आता है। इसे एनएचपीसी ने ही बहाल करना है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक यह मार्ग बहाल नहीं हो पाया था।
वहीं पुखरी के पास भी मलबा गिरने से चंबा-तीसा और सलूणी की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग कुछ समय के लिए बाधित रहा। इसी प्रकार करियां में नाला आने के कारण काफी समय जाम लगा रहा। द्रमुण-सिहुंता मार्ग भी करीब पौने तीन घंटे ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां अच्छी बात यह रही कि विभाग ने प्रमुख स्थानों पर जेसीबी का प्रबंध कर रखा है। इस कारण इन मार्गों को समय रहते बहाल करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। वहीं रात के समय मार्ग बंद होने पर लोगों को परेशान होना पड़ सकता है।
