
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत किलोड़ के गुढाली गांव में भारी बारिश से एक मकान ढह गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक भारी बारिश के कारण नरेणु पुत्र मोहण का तीन कमरों का मकान गिर गया। इससे तीन परिवारों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मकान गिरने से साथ लगते घर के तीन कमरें भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं और दीवारों में दरारें आ गई हैं। मकान गिर जाने से जोबणु पत्नी स्व. मोहणु, रत्तो देवी पत्नी कर्मचंद के घर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मकान गिरने से प्रभावित परिवारों को बारिश में जीवन यापन करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। स्थानीय पंचायत प्रधान डुम राम एवं पूर्व प्रधान निधिया राम ने प्रशासन से मांग की है कि गांव का जल्द मौका करवाया जाए और प्रभावित तीन परिवारों को राहत राशि प्रदान की जाए। तहसीलदार सलूणी डीआर भारद्वाज का कहना है कि पटवारी को मौके की पूरी रिपोर्ट बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही प्रभावित परिवार को राहत राशि प्रदान कर दी जाएगी।
